शहीद – जब शहादत ने फिर जन्म लिया - कहानी

शहीद – जब शहादत ने फिर जन्म लिया कहानी में माँ अपने नवजात बेटे को देखती है जिसके माथे पर गोली जैसा निशान है, पुनर्जन्म और देशभक्ति का प्रतीक
जब शहादत खत्म नहीं होती… एक माँ अपने नवजात में अपने शहीद पति की वापसी देखती है — देशभक्ति और प्रतिशोध की अनकही गाथा।

“शहीद – जब शहादत ने फिर जन्म लिया” – जलियांवाला बाग की मार्मिक कथा

जलियांवाला बाग - बर्बरता की पराकाष्ठा

जलियांवाला बाग हत्याकांड अंग्रेजी शासन की क्रूरता और नृशंसता की वह काली छाया है जिसने भारत के इतिहास को हमेशा के लिए लहूलुहान कर दिया। 13 अप्रैल 1919… एक ऐसी तारीख, जिसे याद करते ही रूह कांप उठती है। उस दिन अमृतसर के जलियांवाला बाग में जो हुआ, वह केवल एक घटना नहीं थी... वह मानवता के नाम पर एक कलंक था।

निहत्थे, मासूम भारतीय… जो अपने अधिकारों की आवाज उठाने आए थे उन्हें बिना किसी चेतावनी के गोलियों से भून दिया गया। कुएं में लाशें इस तरह अट गईं कि पानी तक दिखना बंद हो गया था। चारों ओर चीखें, खून, और मौत का सन्नाटा… ना जाने कितने परिवार उस दिन खत्म हो गए... पूरी की पूरी पीढ़ियाँ मिटा दी गईं।

यह कहानी भी ऐसे ही एक परिवार की है… काल्पनिक जरूर है लेकिन उस दर्द की सच्चाई को अपने भीतर समेटे हुए जो उस दिन हजारों घरों में बिखरा था।

❓ प्रश्न: “शहीद – जब शहादत ने फिर जन्म लिया” कहानी किस बारे में है?

👉 उत्तर: यह कहानी जलियांवाला बाग 1919 की त्रासदी पर आधारित है, जिसमें एक परिवार की शहादत के बाद जन्मे बच्चे के माथे पर उसके शहीद पिता जैसा निशान दिखाई देता है।

❓ प्रश्न: जलियांवाला बाग हत्याकांड कब और कहाँ हुआ था?

👉 उत्तर: यह हत्याकांड 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर में हुआ था, जहाँ निहत्थे भारतीयों पर अंग्रेजी सेना ने गोलीबारी की थी।

हिंदी कहानी | जलियांवाला बाग 1919 पर आधारित मार्मिक कथा

उसके माथे पर एक निशान था…
गोली का निशान।
लेकिन…
वो गोली उसने कभी खाई ही नहीं थी।

कुलविंदर कांपते हाथों से अपने नवजात बेटे को देख रही थी…
और उसकी आंखों के सामने वही खून से लथपथ मंजर बार-बार घूम रहा था
जलियांवाला बाग… 13 अप्रैल 1919…
जहाँ उसने अपने पूरे परिवार को खो दिया था...

तो फिर ये निशान…?
क्या ये महज़ इत्तेफाक था…
या सच में
कोई शहादत अधूरी रह गई थी… जो वापस लौट आई थी?

13 अप्रैल 1919 की सुबह अमृतसर की गलियों में असामान्य हलचल थी। बैसाखी का पर्व था... खुशियों, रंगों और मेलों का दिन... लेकिन उस दिन हवा में एक अलग ही बेचैनी भी घुली हुई थी। सुबह सुबह ही अमृतसर के हर गली-रास्ते पर लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा था रौलेट एक्ट का विरोध करने के लिए जलियांवाला बाग में सभा रखी गई थी। शहर में कर्फ्यू के बावजूद लोगों में वहां पहुंचने के लिए उत्साह था। बैसाखी होने के कारण गांव-कस्बे से मेला देखने आए लोग भी सभा में पहुंचने लगे थे। 

रॉलेट एक्ट के खिलाफ लोगों में गुस्सा उबाल मार रहा था। जगह-जगह चर्चाएं हो रही थीं कि अंग्रेज सरकार अब भारतीयों की आवाज को और दबाना चाहती है। 

लालाजी ने अपने सिर पर साफा बांधते हुए कहा,
“आज चुप बैठना गुनाह होगा। हमें अपनी आवाज उठानी ही पड़ेगी।”

बेबे ने चिंता भरी नजरों से उन्हें देखा,
“पर शहर में कर्फ्यू लगा है जी…”

“डर के जीए तो क्या जीए?” लालाजी ने दृढ़ स्वर में जवाब दिया।

चरनजीत, उनका जवान बेटा, भी तैयार खड़ा था। उसके साथ उसका आठ साल का बेटा मनप्रीत उछल-कूद कर रहा था। उसे  मेले में जाने की बहुत खुशी हो रही थी।

“पापा, वहाँ झूले भी होंगे?” उसने मासूमियत से पूछा।

चरनजीत ने मुस्कुराकर उसके सिर पर हाथ फेरा,
“हाँ पुत्तर, झूले भी होंगे… और आज हम अपने हक की बात भी करेंगे।”

घर के बाहर नौकर सतपाल और मोहल्ले के कई लोग इंतजार कर रहे थे। सभी एक साथ जलियांवाला बाग की ओर निकल पड़े।

घर के अंदर कुलविंदर दरवाजे पर खड़ी उन्हें जाते हुए देख रही थी। उसकी आंखों में हल्की चिंता थी। आठ महीने का गर्भ उसे इस वक़्त बहुत भारी लग रहा था।
“मैनु वी त्वाडे संग चलती ते अच्छा रहता…” उसने धीमे से कहा।

चरनजीत ने पलटकर उसकी ओर देखा, उसकी आंखों में एक पल के लिए नरमी उतर आई,
“बस थोड़ी देर की बात है कुलविंदर… तुस्सी आराम करो, हुण जल्दी लौट आवेंगे।”

कुलविंदर ने हल्की मुस्कान के साथ सिर हिला दिया। उसके साथ बूढ़ी नौकरानी कम्मो थी जो उसे अंदर ले गई। चरनजीत की पत्नी कुलविंदर पूरे दिनों से थी इस वास्ते उसको घर पर रुकना पड़ा। बूढ़ी नौकरानी कम्मो के साथ वो घर पर रह गई।

जलियांवाला बाग में उस समय हजारों लोग जमा हो चुके थे। कोई बैसाखी का मेला देखने आया था, तो कोई सभा में शामिल होने। बच्चे इधर-उधर दौड़ रहे थे, महिलाएं आपस में बातें कर रही थीं, और कुछ लोग नेताओं के भाषण ध्यान से सुन रहे थे।

नेता लोगों को रॉलेट एक्ट के खतरों के बारे में बता रहे थे कि कैसे बिना मुकदमे के गिरफ्तारी हो सकती है, कैसे आजादी छीन ली जाएगी। जनता को अंग्रेजी हुकूमत रौलेट एक्ट के जरिए क्या-क्या प्रतिबंध लगा रहे हैं, इसके बारे में बताते हुए आहृवान कर रहे थे कि सब गिरफ्तारी दें तो अंग्रेजों को अपने फैसले पर सोचना पड़ेगा।

“अगर हम सब एक साथ खड़े हो जाएं,” एक नेता जोर से बोले,
“तो अंग्रेजों को झुकना ही पड़ेगा!”

भीड़ में सहमति की आवाजें उठीं, “हाँ! बिल्कुल!”

उसी समय अचानक एक अजीब सी हलचल हुई। 

चारों तरफ से बंदूकें ताने सैनिक अंदर घुस आए। उनके पीछे-पीछे एक कठोर चेहरे वाला अंग्रेज अफसर- जनरल डायर। देखते ही देखते जनरल डायर के साथ राइफलों से लैस ९० ब्रिटिश सैनिकों ने बाग घेर लिया। नेताओं ने देखा तो सभी जनता से शांति की अपील की। बाग के सभी रास्ते चारों तरफ से सैनिकों ने घेर लिए। लोग एक-दूसरे को देखने लगे। कुछ को लगा कि शायद उन्हें तितर-बितर होने को कहा जाएगा।

लेकिन अगले ही पल… बिना किसी चेतावनी के…जनरल डायर ने फायरिंग का आदेश दे दिया। 
“फायर!”
एक ठंडी, निर्दयी आवाज गूंजी।
और फिर… गोलियों की बौछार शुरू हो गई। निहत्थे लोगों पर ब्रिटिश सेना ने गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
चीखें… भागते लोग… खून से सनी जमीन…
हर तरफ अफरा-तफरी मच गई।

चरनजीत ने तुरंत मनप्रीत और बेबे का हाथ पकड़ा,
“इधर आओ! पेड़ के पीछे!”

अचानक तभी एक गोली हवा को चीरती हुई आई और लालाजी की बांह में धंस गई। वे दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़े।

“लालाजी!” चरनजीत चिल्लाया लेकिन भीड़ का रेला इतना तेज था कि कुछ ही पल में लालाजी पैरों तले कुचले गए।

चरनजीत की आंखों में खून उतर आया पर उसने खुद को संभाला। उसने मनप्रीत को अपनी ओर खींचा और बेबे को सहारा दिया।
“भागो!”

वे इधर-उधर भागते रहे लेकिन हर ओर गोलियां ही गोलियां थीं। अचानक… एक और गोली चली। इस बार वह सीधे चरनजीत के माथे को चीरती हुई निकल गई। वह वहीं गिर पड़ा। गिरते-गिरते उसकी नजर सतपाल पर पड़ी जो मनप्रीत को गोद में उठाए और बेबे का हाथ पकड़कर भाग रहा था।

चरनजीत की आंखें धीरे-धीरे बंद हो गईं…

आगे भीड़ का दबाव इतना ज्यादा था कि बेबे संतुलन खो बैठीं। वे गिर पड़ीं… और अगले ही पल लोगों के पैरों तले कुचल गईं। सतपाल के सामने अब सिर्फ एक ही रास्ता था बाग़ में बने कुएं की ओर। कई लोग पहले ही वहां कूद चुके थे। गोलियों से बचने का यही एक सहारा था।

“वाहे गुरु!” कहते हुए सतपाल ने मनप्रीत को सीने से लगाया और कुएं में छलांग लगा दी।

लेकिन नीचे… मौत उनका इंतजार कर रही थी। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते जा रहे थे। सांस लेना मुश्किल हो गया था। कुछ ही पलों में कुआं लाशों से भर गया।

कुछ देर बाद… गोलियां थम गईं लेकिन बाग में अब सन्नाटा था...मौत का सन्नाटा।
चारों तरफ बिखरी लाशें… घायल लोगों की धीमी कराहें… और खून से सनी जमीन।
जलियांवाला बाग में सभी तरफ भारतीयों की लाशें व कटे-फटे अंग बिखरे पड़े थे। घायल कराहते लोग मैदान में बिछे पड़े थे... जब यह खबर पूरे देश में फैली तो हर दिल में आग भड़क उठी।

1919 का जलियांवाला बाग हत्याकांड—अमृतसर में निहत्थे भारतीयों पर अंग्रेजों की गोलीबारी का भयावह दृश्य।
13 अप्रैल 1919, अमृतसर - जनरल डायर द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग, जिसने हजारों परिवारों को उजाड़ दिया।

कुलविंदर तक खबर पहुंची तो सदमे से वह बेहोश हो गई। 
तीन दिन बाद जब घर के आंगन में एक-एक कर लाशें लाई गईं - लालाजी, बेबे, चरनजीत, मनप्रीत… और सतपाल…
उस मंजर को देखकर कुलविंदर पत्थर हो गई।
ना आंखों में आंसू थे… ना आवाज…
बस उसकी खामोशी भरी सर्द निगाहें… जैसे शून्य में कुछ ढूँढ रही हों या फिर बाबाजी से कोई अनकही शिकायत कर रही हों।

सातवें दिन… उसने एक बेटे को जन्म दिया। पूरा घर शोक में डूबा था लेकिन उस बच्चे की किलकारी ने जैसे उस सन्नाटे को चीर दिया।

कम्मो ने बच्चे को उठाया और धीरे से कुलविंदर की गोद में रख दिया।
“देख कुलविंदर …” उसकी आवाज कांप रही थी,
“तेरा चरनजीत वापस आ गया…”
कम्मो बेटे का माथा दिखाकर बोली, 
"कुलविंदर, चरनजीत आ गया, देख पुत्तर दे मत्थे विच चीरन दा निशान है।"

कुलविंदर ने कांपते हाथों से बच्चे का चेहरा उठाया।
उसके माथे पर वही निशान था
वही…  चीरे जैसा निशान…
बिल्कुल वैसा ही… जैसा चरनजीत के माथे पर गोली लगने से बना था। 
वही…जो उसके पिता की आखिरी पहचान बन गया था।

कुलविंदर ने बेटे को सीने से लगाया…
उसकी आंखों में आंसू नहीं थे अब…
वहां सिर्फ आग थी… प्रतिशोध की… स्वाभिमान की…
उसने आसमान की ओर देखा और धीरे से नहीं…
पूरी ताकत से कहा,

“ये लौटे हैं… अधूरी लड़ाई पूरी करने!”

और उस दिन…
जलियांवाला बाग में गिरी हर एक गोली की गूंज
मानो फिर से सुनाई दी

“इंकलाब जिंदाबाद!”

अब उसकी आंखों में खारा पानी नहीं था…
वहां सिर्फ गर्व था… शहीद परिवार का मान…
और उसके दिल में जल रही थी...देशभक्ति की वह अखंड ज्वाला…
जो एक दिन इस देश को आजाद कराकर ही दम लेगी।

“कुछ कहानियाँ खत्म नहीं होतीं…
वे इतिहास बनकर पीढ़ियों में जीती रहती हैं…”

लेखिका की कलम से 

आज की तारीख में जलियांवाला बाग एक स्मारक है जो 13 अप्रेल सन् 1919 के नृशंस नरसंहार में शहीदों को समर्पित है। जलियांवाला बाग के शहीदों को मेरा करबद्ध नमन 🙏🙏

"शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
वतन पर मरने वालों का यही बांकी निशां होगा...."

अमृतसर का जलियांवाला बाग स्मारक, जहाँ शहीदों की याद में लोग श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
आज का जलियांवाला बाग स्मारक - एक पवित्र स्थल, जहाँ हर आगंतुक शहीदों की कुर्बानी को नमन करता है।

१३ अप्रैल, २०२५ 

-प्रियंका सक्सेना 'जयपुरी'
प्रियंका की कलम से 🖋
(मौलिक व स्वरचित)

✍️ लेखिका के बारे में

प्रियंका सक्सेना ‘जयपुरी’ समकालीन हिंदी साहित्य में सक्रिय लेखिका हैं। वे कविता, ग़ज़ल, कहानी, उपन्यास तथा हिंदी साहित्य, संस्कृति, इतिहास और हिंदी व्याकरण से जुड़े विचारात्मक लेखन में रुचि रखती हैं। उनकी रचनाओं में मानवीय संवेदना, मौन के अर्थ, प्रेम की नाज़ुकता, जीवन की क्षणभंगुरता और रिश्तों की जटिल भावनाएँ सूक्ष्मता से उभरती हैं।

पारंपरिक शिल्प को आधुनिक दृष्टि से जोड़ते हुए, वे शब्दों में सादगी और भावों में गहराई रचती हैं। उनकी रचनाओं में आत्मसंवाद, विरह और अस्तित्व के प्रश्न स्वाभाविक रूप से उभरते हैं, जो पाठक को भीतर तक छू जाते हैं।

प्रियंका की कलम से उनके साहित्यिक लेखन, ज्ञानवर्धक लेखों और भाव-अभिव्यक्ति का सजीव मंच है। वे अपने ब्लॉग के माध्यम से हिंदी साहित्य, संस्कृति, इतिहास और हिंदी व्याकरण से जुड़े विषयों को सरल और सारगर्भित रूप में पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास करती हैं।

टिप्पणियाँ

  1. बेनामी14/4/26, 7:13 pm

    bahut hi emotional, deshbhakti se paripurn kahani 👌👍

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. बहुत शुक्रिया आपका समीक्षा हेतु 🙏🙏 आपके बहुमूल्य फीडबैक हेतु धन्यवाद 💐💐

      हटाएं
  2. भीतर तक झकझोर देने वाली बहुत ही सुंदर और मार्मिक कहानी है।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. बहुत शुक्रिया आपका समीक्षा हेतु 🙏🙏 आपके बहुमूल्य फीडबैक हेतु धन्यवाद 💐💐

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी साहित्य का महत्व: इतिहास, काल विभाजन और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता