एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 7: सीईओ विक्रम

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो भाग 6: विक्रम का पहला कदम पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 7: सीईओ विक्रम

एक नई सुबह, एक नई दुनिया

मुंबई — ऊँची इमारतों और अनगिनत सपनों का शहर। जहाँ हर इंसान की अपनी कोई कहानी है और हर चेहरा किसी संघर्ष का गवाह है। एक ऐसा शहर जहाँ हर सुबह हज़ारों उम्मीदों के साथ उगती है और हर शाम संघर्षों की थकान लेकर ढलती है। यह शहर अपने भीतर करोड़ों कहानियाँ समेटे हुए है — कोई झोपड़पट्टी से निकलकर सितारों की ऊँचाई छू रहा है तो कोई बड़ी-बड़ी गाड़ियों में बैठकर भी अंदर से बिलकुल अकेला है। यहाँ की सड़कों पर दौड़ती गाड़ियों की आवाज़ों में न जाने कितने सपनों की गूंज शामिल है। वास्तव में मुंबई सिर्फ़ एक शहर नहीं, बल्कि एक एहसास है। इस शहर का हर कोना किसी न किसी संघर्ष की गवाही देता है। लोकल ट्रेन में धकियाते हुए सफ़र करना, ट्रैफिक में फँसे सपनों को थामे रहना और फिर भी हर सुबह एक नई उम्मीद के साथ उठ खड़ा होना — यही है मुंबई की रफ़्तार और रूह। यहाँ मंज़िल पाने का रास्ता लंबा ज़रूर होता है लेकिन कभी हार मानने का विकल्प  नहीं होता। फुटपाथ से लेकर कॉर्पोरेट केबिन तक, सबकी आंखों में एक जैसे सपने होते हैं — खुद को साबित करने के, अपनेआप को,अपनों को बेहतर ज़िंदगी देने के। यह सिर्फ़ भौतिक विकास का केंद्र नहीं, बल्कि भावनाओं, जज़्बातों और बदलाव का संगम है। हर इमारत के पीछे एक संघर्ष है, हर मुस्कान के पीछे एक दर्द और हर कामयाबी के पीछे न झुकने की जिद। 

यही मुंबई है — जो गिरने नहीं देती पर टिकने भी नहीं देती। यही वह शहर है जो हर किसी को अपनाता है, उसे गढ़ता है, कभी-कभी तोड़ता है, लेकिन अंत में उसे खुद की पहचान देना भी जानता है।

मुंबई के एक अत्याधुनिक पॉश कॉर्पोरेट टॉवर की सबसे ऊँची मंज़िल… तेज धूप में चमकती शीशे की इमारतें, ट्रैफिक की आवाजें नीचे कहीं धुँधली लगती हैं। ऊपरी मंज़िल पर, एक पूर्ण रूप से सुसज्जित ऑफिस—यह ऑफिस है — एकांश टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड  का। देश की अग्रणी एजुकेशन-टेक कंपनी, जो ग्रामीण भारत के सुदूर कोनों तक डिजिटल शिक्षा का उजाला पहुँचा रही है। एकांश टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड  भारत की सबसे तेज़ी से उभरती हुई एजुकेशन-टेक फर्म जिसका लक्ष्य भारत के गांव-गांव तक डिजिटल शिक्षा पहुँचाना है।

ऊँचाई पर स्थित टॉप फ्लोर —  सीईओ का केबिन, चारों ओर काँच की दीवारें, जिनसे दिखती है माया नगरी की चमकती सड़कों की भागदौड़।  केबिन में करीब छब्बीस वर्ष का एक युवक अपने लैपटॉप पर कुछ टाइप कर रहा है — शांत, संजीदा और पूरी तरह आत्मनियंत्रित।

उसके ऑफिस में प्रवेश करते ही एक अद्भुत संतुलन दिखाई देता है — आधुनिकता और स्मृतियों का। एक ओर टेक्नोलॉजी, ग्लास बोर्ड, एलईडी  स्क्रीन, शानदार वर्कस्टेशन और दूसरी ओर कुर्सी के पीछे लगी शेल्फ पर कुछ फ्रेम्स रखे हैं — एक माँ की धुंधली-सी मुस्कुराती तस्वीर, एक अधेड़ व्यक्ति की तस्वीर और एक छोटे बच्चे के हाथ से लिखी एक कॉपी का फ्रेम में जड़ित पन्ना —"भैया, तुम ज़रूर बड़ा आदमी बनोगे।" और उसके साथ ही छोटे-छोटे अक्षरों में लिखा है- "भैया, जब मैं बड़ी हो जाऊँगी तो आपके जैसी किताबें पढ़ूँगी।" 

वह युवक अब कोई साधारण नाम नहीं। वो है — विक्रम चौधरी, एकांश टेक्नोलॉजी  का संस्थापक और सीईओ

आज वो महज़ एक नाम नहीं रहा, एक मिसाल बन चुका है।  एक ऐसा नाम जो भारत की ग्रामीण शिक्षा क्रांति का पर्याय है। एक ऐसा व्यक्ति जिसने अपने मजबूत इरादों से एकांश टेक्नोलॉजी की नींव रखी — एक अग्रणी एजुकेशन-टेक फर्म, जो डिजिटल साधनों के ज़रिए उन बच्चों तक शिक्षा पहुँचा रही है, जिनके गाँवों में आज भी मोबाइल सिग्नल बमुश्किल पहुँचते हैं। 

लैपटॉप पर काम करते करते विक्रम रुका। उसने सामने टेबल पर नज़र मारी और फिर उसकी निगाहें साइड में बंद खिड़की से सुदूर आकाश को निहारने लगी। विक्रम कुर्सी पर बैठा भले ही  है लेकिन उसका मन कहीं और है। टेबल पर कुछ दस्तावेज़ रखे हैं, एक कॉन्ट्रैक्ट की फाइल पर उसका हाथ रुका हुआ है। पेन उठाया… पर साइन नहीं कर पाया। 

विक्रम की उंगलियाँ पेन पर हैं, लेकिन दस्तख़त नहीं हो रहे हैं ।
“आज भी वही सपना है,” वह बुदबुदाया।
एक पल के लिए उसकी आँखें बंद हो गईं, और बचपन की आवाजें कानों में गूंजने लगीं।
"बेटा, कल मौली को स्कूल छोड़ते वक्त उसकी चप्पल फिर टूट गई थी। बनवाने दी है तू स्कूल से आते समय लेते आना।"
माँ की आवाज़ अब भी वैसी ही थी — कोमल, थकी हुई, लेकिन प्यार से भरी।
उसने आंखें खोलीं। आज वो उस दुनिया से बहुत दूर आ गया है … लेकिन क्या वाकई?
उसकी नजरें माँ की तस्वीर पर अटक गईं। और तभी…
माँ की आवाज़, कहीं गहराई से आती है…
“तू बस अपनी पढ़ाई पूरी कर लेना बेटा… बाकी भगवान सब ठीक करेगा।”

उस आवाज़ के साथ ही एक पुराने घर का आँगन आँखों के सामने तैर जाता है। माँ रसोई में  बैठी सब्ज़ी काट रही है और विक्रम किताबों में उलझा बैठा है। मौली स्कूल की ड्रेस पहने माँ से खाने का डिब्बा मांग रही है।  विक्रम अपने बस्ते में किताबें रख रहा है।  बाबा खेत की ओर जा रहे हैं बैलों की जोड़ी के साथ...  वही सादगी, वही अपनापन। लेकिन अब वह आँगन दूर है — बहुत दूर।

विक्रम एक गहरी साँस भरकर फाइल अपनी तरफ खींचता है। फाइल पर दस्तखत करते-करते विक्रम की नज़र माँ की तस्वीर पर रुक जाती है — रमा की आँखें अब भी वैसी ही लगती हैं — थकी हुई, लेकिन भरोसे से भरी।

आज उसकी कंपनी का तीसरा स्थापना दिवस है। कॉन्फ्रेंस हॉल बोर्ड मेंबर्स, मीडिया, इन्वेस्टर्स और स्कूल नेटवर्क के प्रतिनिधियों से भरा हुआ है । बाहर हलचल है पर केबिन के अंदर एक अजीब-सी शांति।

और तभी ऑफिस का दरवाज़ा हल्के से खटका।
ठक ... ठक ...

“क्या मैं अंदर आ सकती हूँ , सर?”, आवाज़ मधुर और आत्मविश्वास से भरी थी

विक्रम ने गर्दन उठाई। दरवाज़े पर आस्था खड़ी थी — कंपनी की ऑपरेशंस डायरेक्टर । उम्र चौबीस, तेज़-तर्रार, लेकिन ज़मीन से जुड़ी हुई.... आँखों में ईमानदारी और तेवर में स्पष्टता। 

विक्रम ने हल्के से सिर हिलाया, “हाँ आस्था, आओ।”

वह अंदर आई, टैबलेट हाथ में है।
“सर,  बोर्ड मेंबर्स  आपके इंतज़ार कर रहे हैं।”

विक्रम मुस्कराया, “जानता हूँ। बस कुछ पुरानी बातें सोच रहा था।”

आस्था ने थोड़ा मुस्कराकर कहा, “आप सीईओ हैं, सर। लेकिन कई बार लगता है आप अब भी अपने अंदर गांव को जी रहे हैं। ”

विक्रम ने मौली की कॉपी के पन्ने की ओर इशारा किया —
“मेरा दिल गांव में अटका है, आस्था।”

आस्था की नज़र उस कॉपी पर गई। वह पल भर चुप रही, फिर धीरे से बोली —
“सच कहूँ, सर? शायद इसी वजह से हम सब आपके साथ हैं। आप सिर्फ ऑर्डर नहीं देते, आप हम सबको एक सपना जीने देते हैं।”

विक्रम ने उसकी ओर देखा — उसकी आँखों में सच्चाई थी।

आस्था मुस्कुरा दी, “और गाँव अब आपके डिजिटल सपनों में पल रहा है, सर। चलिए, लोग इंतज़ार कर रहे हैं।”

“चलो,” उसने कहा, “बोर्ड मीटिंग के लिए तैयार हूँ....  लेकिन पहले एक सवाल का जवाब चाहिए।”

“जी?” आस्था चौंकी।

“अगर तुम्हें चुनना हो — ज्यादा स्कूलों तक पहुँच या सही स्कूलों तक पहुँच — तो तुम क्या चुनोगी?”

आस्था ने बिना देर किए जवाब दिया, “सही स्कूलों तक, सर। क्वांटिटी बाद में, क्वालिटी  पहले यानि संख्या भले ही कम हो परन्तु गुणवत्ता से समझौता नहीं!”

विक्रम ने मुस्कराकर कहा, “ठीक कहा। चलो, अब बोर्ड को भी यही समझाते हैं।”

कुछ कहानियाँ एक मोड़ पर आकर चुप हो जाती हैं लेकिन विक्रम की कहानी उस मोड़ पर बोल उठी — सफलता की चोटी से भी नीचे की ज़मीन को देखने की तड़प लेकर। विक्रम एक संस्थान का नेतृत्व कर रहा है — “एकांश टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड ”, जो गाँवों तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाने का स्वप्न संजोए है।

यह अध्याय  सिर्फ़ एक कॉर्पोरेट जर्नी नहीं बल्कि भावनाओं का दर्पण है — जहाँ विक्रम एक एसी केबिन में बैठकर भी अपने गाँव की धूल को महसूस करता है। माँ की तस्वीर और मौली की फ्रेम की हुई कॉपी उसके टेबल पर केवल स्मृति नहीं, बल्कि उस यात्रा की नींव हैं, जो उसे सीईओ की कुर्सी तक लाई है।

क्रमशः 

क्या है आखिरकार विक्रम का मिशन ? जानने के लिए पढ़िए अगला भाग.... भाग  8: एकांश की उड़ान 
👉 “एक एकड़ से शिखर तक” के सभी भाग यहाँ पढ़ें

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी साहित्य का महत्व: इतिहास, काल विभाजन और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता