एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 8: एकांश की उड़ान

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो भाग 7: सीईओ विक्रम पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 8: एकांश की उड़ान 

एक सपना जो अब मिशन बन चुका है

मुंबई की सुबह भले ही  धीमे-धीमे जाग रही है, पर “एकांश टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड” के ऑफिस में रफ्तार पहले ही तेज हो चुकी है। आधुनिक डिजिटल स्क्रीनें, शीशे की दीवारें,और चलते कर्मचारियों की आवाज़ें... सब मिलकर एक ऐसी दुनिया रचती हैं जो भारत के बच्चे-बच्चे तक शिक्षा पहुँचाने का सपना देख रही है।

कंपनी की एक बड़ी दीवार पर एक स्लोगन चमक रहा है — “Empowering Bharat’s Last Child.”

और ठीक उसके सामने खड़ा है—विक्रम चौधरी।

हाँ, वही विक्रम, जो कभी धूल भरे खेतों में माँ के साथ हल जोतता था, आज अपने सपनों के स्टार्टअप को देश के सबसे प्रभावशाली एजुकेशन टेक प्लेटफार्म में बदल चुका है।

"एकांश" सिर्फ़ एक कंपनी नहीं, बल्कि एक मिशन है। विक्रम सिर्फ़ एक उद्योगपति नहीं, बल्कि उस आख़िरी बच्चे की उम्मीद है, जो गाँव के किसी कोने में अब भी एक किताब के सपने देख रहा है।

"एकांश" एक ब्रांड नहीं, बल्कि एक चेतना है—एक ऐसी लौ, जो उन अंधेरे कमरों में रोशनी लाने का प्रण ले चुकी है जहाँ आज भी बिजली नहीं, पर सपने हैं। यह कंपनी लैपटॉप और टेबलेट की सप्लायर नहीं, बल्कि उन उम्मीदों की वाहक है जो मिट्टी से जन्मी हैं और आसमान को छूने का साहस रखती हैं।

विक्रम को लोग आज एक सफल सीईओ, एक प्रेरणादायक वक्ता या एक टेक विज़नरी कह सकते हैं—लेकिन उसकी असली पहचान उन आँखों में बसती है जिनमें किताबों की सुगंध अब तक अजनबी है। वह उस अंतिम बच्चे की उम्मीद है जिसे शायद अब भी ये नहीं मालूम कि इंटरनेट क्या होता है, पर जिसे यह मालूम है कि ज्ञान का मतलब क्या होता है। जो अभी भी स्कूल की दीवार पर अपनी उँगली से ‘अ’ लिखता है, क्योंकि स्लेट टूटी है और चॉक खत्म हो चुका है।

"एकांश" का लक्ष्य व्यापार नहीं, बदलाव है। और विक्रम की सफलता का मापदंड शेयर मार्केट नहीं, बल्कि उन गाँवों की मुस्कान है, जहाँ अब हर बच्चा डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ा है, हर अध्यापक लाइव क्लास ले सकता है और हर माँ को यह सुकून है कि उसका बच्चा पढ़ पा रहा है—बिना खेत गिरवी रखे। यह केवल प्रगति की कहानी नहीं, बल्कि जड़ों से जुड़ी उड़ान है। 

विक्रम कॉन्फ्रेंस हॉल की तरफ जाता है....आस्था उसके पीछे चलती है। 

बोर्ड मीटिंग: एक नई सोच की शुरुआत

बोर्ड मीटिंग शुरू होती है। कॉन्फ्रेंस हॉल बोर्ड मेंबर्स, मीडिया, इन्वेस्टर्स और स्कूल नेटवर्क के प्रतिनिधियों से भरा हुआ है । वहीं  कंपनी के सीनियर सीएसआर (CSR )हेड्स बैठे हैं। विक्रम बीच में खड़ा होकर एक स्लाइड प्रजेंट करता है—भारत के ग्रामीण इलाकों का डिजिटल मैप, जिसमें हज़ारों छोटे गांव चिन्हित हैं।

“हम सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं बेचते,” विक्रम दृढ़ स्वर में कहता है, “हम विश्वास पहुँचाते हैं। उन जगहों तक, जहाँ सिग्नल भी नहीं पहुँचता, वहाँ हम उम्मीद लेकर पहुँचते हैं।”

एक सीएसआर  प्रमुख पूछता है, “पर सर, इन दूरदराज़ के इलाकों में कनेक्टिविटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर की बहुत कमी है। ऐसे में डिजिटल लर्निंग कैसे संभव होगी?”

विक्रम मुस्कराता है, फिर कहता है, “संभव वही होता है जो असंभव लगता है। और हाँ, ये आसान नहीं होगा—लेकिन यही मेरा मिशन है।”

फिर वह एक नया प्रस्ताव रखता है—“हम अगले चरण में एक रीजनल सेंटर स्थापित करेंगे। और मेरा सुझाव है कि वो सेंटर मेरे गांव के पास बने।”

बोर्ड में हलचल सी मच जाती है। एक डायरेक्टर कहता है, “सर, आपके गांव का इलाका तो पूरी तरह पिछड़ा है... वहाँ से शुरुआत करना जोखिम होगा।”

विक्रम शांत स्वर में जवाब देता है, “जो ज़मीन मुझे आज यहाँ तक लाई, वहीं से बदलाव शुरू होना चाहिए।”

आस्था—कंपनी की ऑपरेशंस डायरेक्टर—मीटिंग के बाद विक्रम के पास आती है। उसने आज पहली बार विक्रम की आँखों में ऐसा जज़्बा देखा था जो एक सीईओ के नज़रिये से कम, एक बेटे का ज़्यादा लग रहा था।

“सर,” वो धीमे स्वर में कहती है, “गांव वापसी का सोच रहे हैं?”

विक्रम खामोश रहता है, बस अपने ऑफिस की टेबल पर रखी मौली की हैंडराइटिंग में लिखी एक कॉपी की ओर देखता है। कुछ पंक्तियाँ अब भी साफ दिखती हैं:"भैया, जब बड़े आदमी बन जाओ, तो अपने जैसे बच्चों को पढ़ाना मत भूलना।"

विक्रम धीमे स्वर में कहता है—
“मैं रोज़ एक गांव को डिजिटली जोड़ना चाहता हूँ, ताकि मेरे जैसे किसी और विक्रम की माँ कभी खेत गिरवी ना रखे....  और ये काम गांव में बैठकर नहीं हो पाएगा।  मेरा कार्यक्षेत्र यहीं रहेगा मुंबई और कार्य किया जाएगा भारत के गांवों में... ”

आस्था हाँ में सिर हिलाती है। विक्रम अपने ऑफिस की तरफ चला जाता है। 

आस्था जब अपने केबिन में  लौटती है, तो रिसर्च टीम से एक रिपोर्ट लेती है—जिसमें गांवों में शिक्षा पर किए गए कार्यों का ब्यौरा है। उसकी नज़र एक लाइन पर अटक जाती है—"'नयागांव ग्राम स्कूल को हर महीने गुप्त दान—अज्ञात दाता द्वारा।"

उसकी उत्सुकता बढ़ती है। जब वह अकाउंट्स डिपार्टमेंट से गोपनीयता में जानकारी निकलवाती है, तो सच्चाई सामने आती है—वो ‘अज्ञात दाता’ कोई और नहीं, खुद विक्रम चौधरी हैं।

उसका मन भर आता है। वह समझ चुकी है —इस व्यक्ति के लिए शिक्षा केवल व्यापार नहीं, बल्कि अधूरे वादों की पूर्ति है।

उसी शाम विक्रम खिड़की के पास खड़ा, शहर की चमकती रौशनी को निहारते हुए एक गहरी साँस लेता है। उसकी आँखों में अतीत की परछाइयां झलकती हैं—माँ की आवाज़, गांव का स्कूल और वह दिन जब खेत गिरवी रखना पड़ा था।

विक्रम मुड़ता है और ऑफिस की ओर चल पड़ता है। चलते-चलते उसकी नज़र कॉरिडोर की दीवार पर टँगे एक विशाल फ्रेम पर पड़ती है—एक भावनात्मक स्केच: एक नन्हा बच्चा, मैले-कुचैले कपड़े, पीठ पर बस्ता और सामने खुला कंप्यूटर स्क्रीन। उस बच्चे के चेहरे पर वही सच्ची मुस्कान है जो कभी मौली के चेहरे पर होती थी —आशावान, निर्दोष और उज्ज्वल भविष्य की ओर ताकती निगाहें... 

ठीक उसी क्षण पीछे से आस्था की आवाज़ आती है—
“सर, आपने बताया नहीं?” वह पूछती है।

“क्या?” विक्रम उसकी ओर बिना देखे कहता है।

“कि आप हर महीने अपने गांव के स्कूल को चुपचाप दान देते हैं? बिना किसी नाम, बिना किसी सम्मान की चाहत के?”

धीरे से वह कहता है, मानो खुद से भी ज़्यादा माँ से संवाद कर रहा हो—
"माँ ने कहा है — 'बेटा, दान वहाँ देना जहाँ ज़रूरत हो, दिखावा वहाँ मत करना जहाँ दुनिया देख रही हो।'"
वह शब्द जैसे कमरे में गूंजते हैं। एक पल को सन्नाटा छा जाता है।

"सर... आप गांव के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं ?"

विक्रम रुकता है। कुछ पल चुप रहता है। फिर धीरे से मुस्कराते हुए कहता है—
"मैं इस बार बहुत कुछ बदलने के लिए गांव जाऊँगा। आज के समय के साथ गांव को लेकर चलने की ज़रुरत है!"
उसके शब्दों में न तो ग्लैमर है, न भाषण का आडंबर—बस एक दृढ़ संकल्प है, जो ईंट-पत्थर से नहीं, बल्कि विश्वास और विज़न से बनी इमारत खड़ी करना चाहता है—वहीं, जहाँ बचपन अब भी सपना देखता है।

क्रमशः

देखिये गांव में रीजनल सेंटर स्थापना की तैयारियां कैसी हो रही हैं ?
साथ ही आएगी एक खुशखबरी! विक्रम लेगा एक महत्वपूर्ण फैसला, क्या होगा वो फैसला ?  जानने के लिए पढ़िए अगला भाग.... भाग  9: आशा की इमारत
👉 इस कहानी के सभी एपिसोड देखने के लिए यहाँ क्लिक करें - एक एकड़ से शिखर तक

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी साहित्य का महत्व: इतिहास, काल विभाजन और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता