एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 9: आशा की इमारत

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो  भाग 8: एकांश की उड़ान पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 9: आशा की इमारत

एक सपना, जो आकार ले रहा है…

विक्रम चौधरी द्वारा बोर्ड मीटिंग में रखे गए प्रस्ताव को जब बहुमत से पारित किया गया तब शायद किसी को अंदाज़ा नहीं था कि यह निर्णय सिर्फ़ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति का पहला पत्थर साबित होगा। एकांश टेक्नोलॉजी का रीजनल सेंटर अब एक विचार नहीं, एक ज़मीनी सच्चाई बनता जा रहा था और वह भी उसी मिट्टी में जहाँ कभी विक्रम ने संघर्ष और सपनों की परिभाषा सीखी थी।

नयागांव, जो अब तक शिक्षा में आए बदलावों से कोसों दूर है  वहाँ अब हलचल है। मुंबई से एकांश की तकनीकी टीम पहुँच चुकी है, जो दिन-रात एक करके सेंटर की तकनीकी संरचना को तैयार करने में लगी है। यह एक भवन नहीं, बल्कि एक बदलाव की इमारत है। एकांश का रीजनल सेंटर गांव के स्कूल के साथ मिलकर काम करेगा यह सहमति हो चुकी है। 

डिस्ट्रिक्ट लेवल से सभी ज़रूरी अनुमति मिल चुकी है। प्रशासन ने भी जब इस प्रोजेक्ट की गंभीरता और सामाजिक उद्देश्य को समझा, तो सभी विभागों ने सहयोग देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

सेंटर की दो मंज़िला इमारत अब लगभग तैयार है। भवन के प्रवेश द्वार के पास एक मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर रहा है। वह जो मूर्ति बना रहा है, वह किसी देवी-देवता की पारंपरिक आकृति नहीं, बल्कि एक बच्चे की है; कंधे पर बस्ता, हाथ में किताब और चेहरे पर आत्मविश्वास की मुस्कान।

विक्रम ने विशेष रूप से कहा था,
“यह सेंटर किसी संस्थान का प्रतीक नहीं, बच्चों की उम्मीद का प्रवेशद्वार होना चाहिए।” 
इसलिए मूर्ति का चेहरा मौली की मुस्कान से प्रेरित है वही मुस्कान जो हर बच्चे को यह यकीन दिला सके कि वह भी आगे बढ़ सकता है।

लर्निंग हब – जहाँ भविष्य आकार लेता है

भवन का सबसे बड़ा आकर्षण है: भव्य लर्निंग हॉल जहाँ एक साथ पचास से अधिक बच्चे डिजिटल शिक्षा के ज़रिए सीख सकेंगे। वॉल-माउंटेड स्मार्ट स्क्रीन, टेबलेट चार्जिंग डॉक्स, वाई-फाई राउटर्स, और साइंस-मैथ्स के मॉडल्स से सुसज्जित यह हॉल केवल कक्षा नहीं, एक अनुभव है। लर्निंग हब के द्वार पर सफ़ेद पत्थरों की एक मूर्ति बनाई जा चुकी है वो मूर्ति एक रेशमी लाल रंग के कपडे से ढकी है जिसका अनावरण उद्घाटन वाले दिन होगा।  वो मूर्ति किसकी है यह किसी को ज्ञात नहीं है पर यह निश्चित तौर पर बहुत से सवालों का जवाब देगी। 

नीचे की मंज़िल पर बने दो मल्टीपर्पज़ क्लासरूम जहाँ छोटे बच्चों के लिए बुनियादी शिक्षा दी जाएगी। यह कक्ष विशेष रूप से स्टोरीबेस्ड लर्निंग और भाषा विकास के लिए तैयार किए जा रहे हैं।

ऊपरी मंज़िल पर पाँच क्लासरूम बनाए गए हैं:  हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के बच्चों के लिए। यहाँ टेक्निकल सब्जेक्ट्स जैसे कोडिंग, एप डेवलपमेंट, साइंस एक्सपेरिमेंट्स की सुविधा दी जाएगी।

मुंबई से बारह नए कंप्यूटर मशीनें भी पहुँच चुकी हैं। टेक्निकल टीम उन्हें नेटवर्किंग पैनल से जोड़ रही है। डिजिटल क्लासरूम्स अब लगभग तैयार हैं। इन कक्षों में ऑडियो-विजुअल टूल्स, वर्चुअल क्लासेस की लाइव लिंक और होलिस्टिक लर्निंग इंटरफेस दिया जा रहा है। यह किसी सरकारी स्कूल से बिलकुल अलग है—यहाँ शिक्षा एक अनुभव होगी, बोझ नहीं।

इसके साथ ही एक छोटा खेल का मैदान भी तैयार किया गया है, सिर्फ़ खेलने के लिए नहीं, बच्चों को मानसिक संतुलन और टीमवर्क सिखाने के लिए। मिट्टी के बीच दौड़ते हुए जब कोई बच्चा गिरकर फिर खड़ा होगा तो वही पल उसके आत्मबल का बीज बनेगा।

सेंटर के एक हिस्से में रिक्रिएशनल एक्टिविटी रूम भी बनाया जा रहा है। यहाँ बच्चों के लिए इंडोर गेम्स, कला और हस्तशिल्प की कार्यशालाएं और सामूहिक थिएटर-एक्टिविटी होंगी। यह सिर्फ पढ़ाई नहीं, पूरे व्यक्तित्व के विकास की ज़मीन है। दीवारों पर रंग-बिरंगे चित्र बनने लगे हैं, रंगों से सजी उम्मीदें जो गाँव की ज़िंदगी में नये रंग भरेंगी। सपनों की दीवारों पर मेहनत की ईंटें लग रही हैं।

बाहर चाहे चर्चा हो या विरोध, गाँव में यह सेंटर अब लोगों की बात नहीं, उम्मीद की बात बन चुका है।

विक्रम जब दूर मुंबई में अपने ऑफिस के केबिन में बैठकर टीम द्वारा भेजी गई सेंटर की तस्वीरें देखता है, तो उसकी आँखें भर आती हैं। 

“कभी इस मिट्टी से भागा था… आज उसी मिट्टी को बदलने की तैयारी है।”

एक निर्णय

इस बार बोर्ड मीटिंग का माहौल शांत था लेकिन उस ख़ामोशी में एक गूंज थी जैसे किसी बड़ी घोषणा से पहले का ठहराव। विक्रम चौधरी, "एकांश टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड" के सीईओ, मीटिंग टेबल पर झुके बैठे थे। 

प्रोजेक्टर स्क्रीन पर नई योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट थी: ग्लोबल पार्टनरशिप्स, इन्वेस्टर्स की पिच और आगामी अन्य कार्यों की रूपरेखा। 

लेकिन विक्रम की निगाहें उन आंकड़ों से कहीं आगे देख रही थीं. उन गाँवों की ओर जहाँ अब भी बच्चे लाल मिट्टी पर बैठकर पढ़ते हैं; जहाँ बिजली के खंभे हैं पर रौशनी नहीं; जहाँ 'डिजिटल' अब भी शब्दों तक सीमित है।

विक्रम ने एक फाइल खोली और धीमी परंतु स्पष्ट आवाज़ में कहा,
“इस बार हमारा रीजनल सेंटर नयागाँव के पास बन रहा है। मैं चाहता हूँ कि उद्घाटन समारोह में मैं स्वयं उपस्थित रहूँ।”

मीटिंग हॉल में एक पल की खामोशी छा गई।

सभी सीनियर मैनेजर्स एक-दूसरे की ओर देखने लगे, कुछ की भौंहें चढ़ीं, कुछ के होठों पर अचंभे की रेखा उभरी। ये वही लोग थे जो विक्रम की कार्यशैली और दूरदर्शिता से भलीभाँति परिचित थे लेकिन यह घोषणा उनके लिए अनपेक्षित थी।

“सर, क्या यह उचित होगा?”,सीनियर ऑपरेशंस हेड ने धीरे से पूछा।
“आप इस स्तर पर जाकर खुद उद्घाटन करेंगे? हमारा सीएसआर हेड वहाँ मौजूद रहेगा, स्थानीय टीम पहले से काम पर है…”

विक्रम ने उसकी ओर देखा, आँखों में ठहराव और जवाब दोनों थे,
“मैं वहाँ केवल सीईओ की हैसियत से नहीं जा रहा। वहाँ मेरा अतीत है, मेरा संघर्ष है, मेरी माँ की ममता की छाया है। और वहाँ मेरी बहन मौली की अधूरी किताबें हैं।”

वह रुकता है, फिर थोड़ा झुककर फाइल बंद कर देता है।

“हमने अक्सर इन मीटिंग्स में कहा है कि ‘हम भारत के आख़िरी बच्चे तक शिक्षा पहुँचाना चाहते हैं।’ तो क्या यह उचित नहीं होगा कि उस आख़िरी बच्चे की आँखों में मैं स्वयं झाँकूँ? क्या यह केवल ब्रांडिंग है या वाकई विश्वास है?”

विक्रम की आवाज़ में कोई भाषण नहीं था, केवल सत्य की सीधी सरल परत।

उस क्षण मीटिंग रूम की हवा थोड़ी भारी हो जाती है। सभी सीनियर मैनेजर्स अब कुछ नहीं कहते, पर विक्रम की आँखों में जो सच्चाई चमक रही थी, वह किसी कॉर्पोरेट प्रस्तुति की नहीं, बल्कि उस माटी की थी जहाँ से वह उभरे थे।

उसी क्षण मार्केटिंग हेड धीरे से बगल में बैठे एग्जीक्यूटिव से कहता है,
“ये विक्रम चौधरी… सिर्फ़ एक सीईओ नहीं, वो अपने मिशन के पहले स्वयंसेवक हैं।”

बोर्ड के सभी सदस्यों ने अंततः सहमति में सिर हिलाया। बोर्ड के मिनट्स में अहम कड़ी रिकॉर्ड की गई:

सीईओ नयागांव रीजनल सेंटर का उद्घाटन करेंगे। 

बैठक समाप्त होती है। विक्रम उठते हैं और बाहर निकलते समय दरवाजे पर रुककर कहते हैं,

“हर गाँव की गली में एक किताब की तलाश है। मैं बस यह सुनिश्चित करना चाहता हूँ कि वह तलाश अधूरी न रहे।”

यह छोटा सा निर्णय किसी व्यावसायिक रणनीति से बड़ा था। यह एक संकेत था कि जब नेता खुद ज़मीन पर उतरता है तो बदलाव केवल नीति नहीं, प्रेरणा बन जाता है।

क्रमशः 

आगे के भाग में देखते है कि विक्रम नयागांव रीजनल सेंटर के उद्घाटन में जा भी पाता है या नहीं ? 
कहीं इसके लिए उसे कुछ त्याग तो नहीं करना पड़ेगा? 
कुछ तो होगा जानने के लिए पढ़िए अगला भाग... 
भाग 10: चमक से पहले ज़मीन
👉 पूरी कहानी एक साथ पढ़ने के लिए यहाँ जाएँ - एक एकड़ से शिखर तक

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी साहित्य का महत्व: इतिहास, काल विभाजन और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता