एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) –भाग 46: जनता बनाम सत्ता: पहली गोली कलम से

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो भाग 45: शब्दों से परे की साज़िश पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 46: जनता बनाम सत्ता: पहली गोली कलम से

वान्या की दुविधा और फैसला

मुंबई की एक सुहानी सुबह है। समंदर की ओर खुलती खिड़की से हल्की-हल्की हवा आ रही है, जो वान्या के चेहरे पर उड़ती बालों की लटों को धीरे से सहला रही है। "राय आपकी" – एक प्रतिष्ठित और बेबाक न्यूज़ पोर्टल की खोजी पत्रकार वान्या मेहरा, अपने छोटे से फ्लैट के कोने में बैठी है। कमरे में गूंजती हल्की सी साज़िश भरी ख़ामोशी है जिसे तोड़ती है लैपटॉप पर टक-टक करती उसकी उंगलियों की आवाज़।

एक हाथ में आधा भरा कॉफी मग है, जो अब ठंडी हो चुकी है...  ठीक वैसे ही जैसे उसकी रात की बेचैनी लेकिन उसकी आंखें स्क्रीन पर जमी हैं जैसे किसी कड़वे सच को शब्दों में उतारने की तैयारी कर रही हों।

उसकी स्क्रीन पर कई फाइलें खुली हैं - फोटो, ऑडियो क्लिप्स, गोपनीय ईमेल्स और सरकार व उद्योगपतियों के गठजोड़ के दस्तावेज़। वान्या जानती है, ये महज़ एक रिपोर्ट नहीं, बल्कि एक जंग है - सत्ता के विरुद्ध, झूठ के खिलाफ़।

हर शब्द, हर प्रमाण, एक आग है जो अंदर धधक रही है। आज की सुबह सिर्फ खुशनुमा नहीं, निर्णायक है - सच की एक नई दस्तक।

उसकी स्क्रीन पर रॉनी कॉर्प के सीईओ, रॉनी की एक रिकॉर्डिंग चल रही थी जिसमें वह एक सरकारी अधिकारी से संदिग्ध सौदेबाज़ी कर रहा था।

रॉनी की आवाज़ गूंजती है -
"Tender has to go to Ronny Corp. Fix pricing accordingly. Govt contact already looped in."
("टेंडर रॉनी कॉर्प को ही जाना चाहिए। कीमतें उसी हिसाब से तय करो। सरकारी संपर्क पहले ही शामिल कर लिया गया है।")

दूसरी तरफ से जवाब आता है -
"No worries, sir. File will be adjusted before Friday."
("चिंता मत कीजिए सर, फाइल शुक्रवार से पहले एडजस्ट कर दी जाएगी।")

रॉनी -
"And yes, the rest - money and project - everything will be managed. Your name won’t come up in any of this, I promise..."
("और हाँ, बाक़ी पैसे और प्रोजेक्ट - सब मैनेज हो जाएगा। तुम्हारा इन सब  में नाम नहीं आएगा, वादा रहा...")
उसके साथ ही इंटरनल मेल्स अटैच थे जिनमें साफ़-साफ़ टेंडर फिक्सिंग और पॉलिसी मेनिपुलेशन की बात सामने आ रही थी।

जैसे ही वान्या ने ये फाइल्स सेव की उसका फ़ोन अचानक बजा। स्क्रीन पर कोई नंबर नहीं दिख रहा था - "प्राइवेट नंबर"।

कॉल उठाते ही एक रौबदार आवाज़ सुनाई दी -
"अगर तुम्हें ज़िंदा रहना है, तो ये स्टोरी कभी बाहर नहीं आनी चाहिए, ध्यान रहे कि स्टोरी छपे  नहीं! सोच लो - कल की सनसनी या तुम्हारी ज़िंदगी?"

तत्क्षण कॉल बंद हो चुकी थी। वान्या के हाथ काँपते हैं। वह फोन नीचे रखती है, गहरी सांस लेती है। 

वान्या का चेहरा ज़र्द पड़ गया। उसकी आंखों के सामने उसकी माँ  का चेहरा घूम गया - वो जो हर सुबह उसे आशीर्वाद देकर कहती थीं, “सच बोलना, चाहे जो हो।”

वान्या सोचती है -
“डर... यही चाहते हैं ये लोग। डर से चुप रह जाऊं। पर अगर मैं भी डर गई, तो सच कौन बोलेगा?”
कुछ क्षणों की चुप्पी के बाद, वान्या ने आंखें बंद कीं, गहरी सांस ली और धीरे से खुद से कहा -
"अगर मैंने अब चुप्पी ओढ़ ली, तो सिर्फ एक कहानी नहीं, पूरा लोकतंत्र हार जाएगा।"

उसने कंप्यूटर स्क्रीन की ओर देखा, सबूतों की उस फाइल को दोबारा खोला। 
वो लैपटॉप की स्क्रीन पर सबूतों को घूरती है, फिर धीरे-धीरे एक फोल्डर बनाती है –
 “Operation R” (ऑपरेशन आर )
वान्या का आत्मविश्वास से भरपूर स्वसंवाद – 
“ये सिर्फ़ स्टोरी नहीं है। ये आवाज़ है - उन लाखों की जो मौन  हैं।
छपेगी ये कहानी… और पूरी दुनिया पढ़ेगी।”

वो "राय आपकी" पोर्टल के एडिटर को  एक एन्क्रिप्टेड मेल भेज देती है -
Subject: URGENT -  “Time to let the truth breathe.”
(अति आवश्यक - "सच को साँस लेने दो।")
वान्या खुद से संवाद करती है :
“अब जो होगा, देखा जाएगा। लेकिन झूठ का पर्दा आज उठेगा।”

एकांश हेडक्वार्टर, कॉन्फ्रेंस रूम - शाम 6:45 बजे

बाहर हल्की बारिश हो रही है और ऑफिस की बड़ी खिड़कियों पर बूँदों की थपथपाहट एक बेचैन सी धुन बजा रही है। अंदर कमरे में तनाव और जोश की अजीब सी खामोश टक्कर चल रही है।

विक्रम अपने ऑफिस में बैठा हुआ है साथ में आकाश भी है। तभी दरवाज़ा खुला और वान्या अंदर दाख़िल हुई - भीगी-सी, थकी हुई, लेकिन आँखों में जलती हुई एक लपट के साथ।

वान्या सभी सबूतों को दिखाती है।
वान्या (थोड़ा काँपती आवाज़ में, लेकिन दृढ़ता के साथ): 
"ये सिर्फ तुम्हारी लड़ाई नहीं है, विक्रम।
सच सामने लाने का हक़ शायद सिर्फ तुम्हारा नहीं... मेरा भी है।
मैं जानती हूँ डर क्या होता है लेकिन डर को झेलना और सच के लिए खड़े होना, यही असली पत्रकारिता है।"

विक्रम (सराहना भरी आँखों से उसकी ओर देखता है ):
"और अब ये सिर्फ एक रिपोर्ट नहीं... एक आंदोलन है।
हम इसे सिर्फ एक मीडिया हाउस को नहीं देंगे।
ये स्टोरी एक साथ कई स्वतंत्र प्लेटफॉर्म्स, सोशल चैनलों, यूट्यूब डॉक्यूमेंट्री और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग नेटवर्क पर लाइव जाएगी।
This will be a coordinated, unstoppable wave - of truth.
(एक समन्वित, अटूट लहर बनेगी - सच की।)"

आकाश (लैपटॉप खोलते हुए उत्साह से):
“और हमारी वेबसाइट पर एक नया सेक्शन भी जाएगा -
‘People vs Power’ - ‘जनता बनाम सत्ता’
जहाँ हर ग्रामीण नागरिक अपनी कहानी, अपना दर्द और अपनी आवाज़ दर्ज कर सके।
वीडियो, दस्तावेज़, गवाही - सब कुछ। ताकि सरकार और कॉर्पोरेट की मिलीभगत का हर चेहरा बेनकाब हो।” 

तुरंत ही विक्रम ने मीटिंग के लिए इंटरकॉम पर कहा -
"सबको कॉन्फ्रेंस रूम में बुलाओ। अभी फ़ौरन।"

कुछ ही पलों में आस्था, प्रिया,  राघव, मंथन, शिवानी, मीरा, निधि और दो अन्य कोर मेंबर्स आ गए। विक्रम ने अपनी रणनीति स्पष्ट शब्दों में समझते हुए सभी की राय जननी चाही। 

आस्था  (धीरे से, पर स्पष्ट):
"हमें सिर्फ खबर नहीं दिखानी है...
हमें वो मंच बनाना है, जो अब तक लोगों के पास नहीं था।"
प्रिया  (सिर हिलाते हुए):
"और अगर हमें कुछ हुआ भी तो ये लड़ाई आगे बढ़ेगी क्योंकि अब ये एक आवाज़ नहीं रही।"
एक क्षण के लिए कमरे में सन्नाटा छा गया।
फिर, विक्रम ने उठकर सामने दीवार पर लगे मोटिवेशनल बोर्ड की ओर इशारा किया -
“Be the fire, not the spark.”
(चिंगारी नहीं, ज्वाला बनो)
विक्रम:
“आज से हम सिर्फ ख़बर नहीं लाएंगे... बदलाव लाएंगे।”
सभी टीम मेंबर्स एक स्वर में बोले:
"Yes, sir!" (जी सर !)

कमरे में डर अब भी था लेकिन उससे बड़ी थी एक और चीज़ - जिम्मेदारी।
एकांश अब तैयार है अपने हथियार के साथ 
People vs Power’ 
‘जनता बनाम सत्ता’: पहली गोली कलम से

क्रमशः

आपको यह भाग कैसा लगा? अपने विचार साझा करें क्योंकि कहानियाँ तब पूरी होती हैं जब पाठक उनमें अपना मन पिरो दें।
आगे क्या होता है जानने के लिए पढ़िए अगला भाग... भाग 47: रॉनी कॉर्प की प्रतिक्रिया
👉 आगे–पीछे के सभी भाग एक साथ यहाँ मिलेंगे - एक एकड़ से शिखर तक

टिप्पणियाँ