एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 45: शब्दों से परे की साज़िश

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो भाग 44: आंधी और आशा पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 45: शब्दों से परे की साज़िश

मुंबई के डिजिटल मीडिया स्पेस में हलचल मच गई। वान्या मेहरा द्वारा लिया गया इंटरव्यू अब एक डिजिटल स्टोरी बन चुका है - “ग्रामीण भारत के सपनों को कुचलता कॉरपोरेट लालच?”

इंटरनेट पर इस रिपोर्ट ने आग की तरह फैलते हुए हजारों शेयर और लाखों व्यूज़ बटोर लिए हैं। लेख में केवल सवाल नहीं हैं - सिस्टम पर अविश्वास है और एकांश टेक्नोलॉजी के ग्रामीण मॉडल की सच्चाई भी है । वह संवेदना जगाने में सक्षम रहा। 

“एक तकनीकी स्टार्टअप जो लाभ नहीं, लक्ष्य पर केंद्रित है। पर क्या ऐसी सोच इस बाजार में जिंदा रह सकती है?”

इस एक पंक्ति ने सैकड़ों युवाओं को सोचने पर मजबूर कर दिया।

गांव के छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की छोटी-छोटी क्लिप्स भी साथ में जोड़ी गई हैं - वह क्लास में पढ़ रहे हैं, ऑनलाइन लैब सत्रों में भाग ले रहे हैं और उनकी आंखों में उम्मीदें ज़िंदा हैं।

रॉनी कॉर्प  की बौखलाहट

दूसरी ओर रॉनी कॉर्प के बोर्ड रूम में माहौल तनावरहित नहीं था। मीटिंग टेबल पर फैली फाइलें, मॉनिटर पर फ्लैश करती सुर्खियाँ और रॉनी का चेहरा - तीनों गवाही दे रहे हैं कि वो मीडिया में आए इस उफान से पूरी तरह  हिल चुका है।

“वान्या मेहरा... इस औरत को बहुत सीरियसली नहीं लिया हमने,” वह दांत पीसते हुए बोला। “इतनी इमोशनल कहानी बनाई है उसने कि अब कोई भी असली-झूठी खबर में फर्क नहीं कर रहा।”

पी आर  हेड बोली, “सर, अगर हमें यह नैरेटिव पलटना है, तो हमें उनके चेहरे को ही कठघरे में खड़ा करना होगा।”

रॉनी की आंखों में चमक आई। 
“Exactly. Let’s hit back - personally. That’s Vikram Choudhary, right? A scam in CSR funds would be fine. Plant a story! Get his CSR fund file.”
(“बिल्कुल । चलो पलटवार करते हैं - व्यक्तिगत रूप से। वो विक्रम चौधरी है ना? सीएसआर फंड में घोटाला सही रहेगा। कोई कहानी गढ़ो! उसके सीएसआर फंड की फाइल निकालो।”)

मीडिया में दूसरी चाल

अगले ही दिन, एक दूसरी न्यूज़ वेबसाइट पर हेडलाइन चमकी -
“एकांश टेक्नोलॉजी पर सीएसआर घोटाले का साया: 
क्या बच्चों की उम्मीदें थीं सिर्फ एक बहाना?”
इस लेख में आरोप लगाया गया कि एकांश टेक्नोलॉजी ने सीएसआर फंड को गैर-सरकारी खातों में डायवर्ट किया। दस्तावेज़ भी संलग्न किए हुए हैं जो सतही तौर पर सच्चे लग रहे हैं  पर उनकी उत्पत्ति संदिग्ध है।

एकांश टीम में दरारें

ऑफिस में माहौल एक बार फिर भारी हो गया। कुछ पुराने कर्मचारी धीरे-धीरे फुसफुसाने लगे हैं।
“क्या वाकई में कोई फंडिंग गड़बड़ी हुई है?”
“अगर जांच बैठी तो हमारी भी नौकरी गई समझो…”
पर इस माहौल के बीच आस्था, राघव, मंथन  और शिवानी डटे रहे। ये चारों  ही एकांश की शुरुआत से ही एकांश में हैं। 

  • आस्था – नीति व रणनीति प्रमुख
  • मंथन – तकनीकी विकास
  • शिवानी – फील्ड कोऑर्डिनेशन
  • राघव– सीनियर डेवलपर 

शिवानी  ने मीटिंग रूम में सबके सामने कहा -
“मैं विक्रम सर के साथ एकांश की शुरुआत से काम कर रही हूं। एक फूटी पाई का दुरुपयोग भी नहीं देखा। ये सब बस नैरेटिव पलटने का चालाकी भरा तरीका है।”

राघव ने साफ शब्दों में कहा, "रॉनी कॉर्प ने जो भी फाइलें हमारे खिलाफ सबूत के तौर पर लगाई हैं, वो महज कागज़ी जाल हैं। कुछ दिन दो... मैं इन्हें झूठा साबित करके रख दूंगा। सच्चाई को ज़्यादा देर तक छुपाया नहीं जा सकता।"

मंथन ने एक पुराना ईमेल लॉग दिखाया जिसमें सीएसआर खर्च की सभी फाइलें रिव्यू और क्लियर हुई थीं, पूरी पारदर्शिता के साथ।

आस्था, प्रिया और विक्रम ने चुपचाप सब देखा, सुना… लेकिन कुछ बोला नहीं। शायद उन तीनों के दिमाग में कुछ चल रहा है। 

वान्या की जांच

वान्या मेहरा का फ्लैट, रात का वक्त – लैपटॉप की नीली रोशनी में डूबी।
वान्या (अपने लैपटॉप पर निगाहें गड़ाए):
"अगर इतनी बड़ी कंपनी इतनी जल्दी डगमगा गई है… तो यकीनन किसी नब्ज़ पर उंगली रख दी गई है…"
"Subject: Tender #811 - Manipulation Suspected…?"
(“विषय: निविदा #811 - हेरफेर की आशंका... ”)
वान्या (आश्चर्य में):
"विक्रम के साइन... कहीं नहीं हैं। मतलब, एकांश इस टेंडर में सीधे तौर पर शामिल ही नहीं था?"
वान्या (धीरे से पढ़ती है):
"रॉनी कॉर्प के CFO (मुख्य वित्त अधिकारी) के नाम के आगे… ये क्या है? चार बार पैराग्राफ बदला गया है? तारीखें भी मेल नहीं खा रहीं…"
वह खुद से बुदबुदाती है:
"ये सिर्फ एक काग़ज़ नहीं है... ये सिस्टम की चूहेदानी है। और कोई इसमें गहराई तक फंसा है।"
वह फोन उठाती है, कुछ पुराने पत्रकार और सरकारी संपर्कों से बातें करती है। कुछ देर बाद एक मेल अलर्ट आता है।
वान्या (मेल खोलते हुए):
उसके चेहरे पर जिज्ञासा उभरती है। वह फाइल खोलती है, धीरे-धीरे स्क्रॉल करती है।
वह पेज पलटती है, एक सेक्शन पर नजर टिकती है।
वान्या की  आँखों में अब सिर्फ एक जिज्ञासु पत्रकार नहीं दिखाई दे रहा है बल्कि इसमें  एक अन्वेषक की चमक है। 

विक्रम का आत्ममंथन

दूसरी ओर, विक्रम एक बार फिर अकेले अपने रूम  की बालकनी में बैठा हुआ है । शहर की चकाचौंध दूर लग रही है … और भीतर का अंधकार गहराता जा रहा है ।
वह दीवार पर मौली की तस्वीर को देखता है - मुस्कुराता चेहरा, एक मासूम चमक…
“क्या मैं सही कर रहा हूं, मौली ? या इस सिस्टम से टकराकर खुद को खो बैठूंगा?”
उसका मन खुद से प्रश्न करता है -
“क्या सच्चाई को साबित करने के लिए शोर मचाना जरूरी है? या वक्त ही सबसे बड़ा न्याय है?”
पर जवाब मौली की तस्वीर की उन आँखों की चमक दे देती है  वह जानता है कि मौली ने जो सपना देखा था, वो सिर्फ स्कूल खोलने का नहीं, बल्कि सोच बदलने का था।
“अगर लड़ाई खुद की होती तो शायद हार भी स्वीकार लेता... पर अब ये बच्चों का, भरोसे का और उस एक वादे का सवाल है।”

खतरे की दस्तक

रात का वक्त। वान्या का लैपटॉप टेबल पर रखा है। पर्दे हिल रहे हैं, खिड़की से हल्की हवा आ रही है। माहौल में सन्नाटा है।

लैपटॉप पर ईमेल का पॉपअप आता है -
From: Unknown
Subject: "Truth lies beneath the tender files."
(अनजान द्वारा
विषय: सच्चाई निविदा फाइलों में छिपी है)

वान्या धीरे से बड़बड़ाती है:
 "अब कौन है ये…?"

वह ईमेल खोलती है। ईमेल बॉडी  में सिर्फ एक लाइन चमकती है
"अगर तुम्हें सिस्टम का असली चेहरा देखना है, तो अटैचमेंट खोलो।"
उसके हाथ खुद-ब-खुद PDF (पीडीएफ ) अटैचमेंट पर क्लिक करते हैं। 
स्क्रीन पर एक डॉक्युमेंट खुलता है - रॉनी कॉर्प  की इंटरनल मीटिंग का ट्रांसक्रिप्ट

वान्या की आँखें फाइल पढ़ते-पढ़ते चौड़ी हो जाती हैं। उसका चेहरा पीला पड़ने लगता है।
वान्या धीरे से पढ़ती है:
"Remove Vikram. Delay contracts. Control narrative."
(विक्रम को हटाओ। अनुबंधों में देरी करो। नैरेटिव पर नियंत्रण रखो।)
वह सिहर उठती है।

वान्या: "This... this is the smoking gun! Undeniable proof of the conspiracy!"
 ("ये... ये तो सीधा निशानदेही है! साज़िश का ऐसा पक्का सबूत, जिसे अब कोई झुठला नहीं सकता!")

वह बिना समय गंवाए फोन उठाती है और विक्रम का नंबर डायल करती है। 
फोन कनेक्ट होते ही -
वान्या (जल्दी-जल्दी, घबराई हुई आवाज़ में):
"विक्रम … मेरे पास कुछ है। ऐसा कुछ जो रॉनी कॉर्प को जड़ से हिला सकता है।लेकिन इसे लीक करने का मतलब होगा... मैं भी खतरे में आ जाऊंगी। मेरी जान भी जा सकती है।"

कुछ पलों की गहरी खामोशी… लाइन के उस तरफ सिर्फ साँसों की आवाज़ आती है।

विक्रम (धीमे, लेकिन मजबूत स्वर में):
"अगर साज़िशें शब्दों से शुरू हुई हैं, तो जवाब भी शब्दों से ही आएगा…
लेकिन इस बार…
ख़ामोशी के बिना।"
“अब लड़ाई, सिर्फ सच की नहीं... साहस की भी होगी।”

क्रमशः

आपको यह भाग कैसा लगा? अपने विचार साझा करें क्योंकि कहानियाँ तब पूरी होती हैं जब पाठक उनमें अपना मन पिरो दें।
आगे क्या होता है जानने के लिए पढ़िए अगला भाग... भाग 46: जनता बनाम सत्ता: पहली गोली कलम से
👉 आगे–पीछे के सभी भाग एक साथ यहाँ मिलेंगे - एक एकड़ से शिखर तक

टिप्पणियाँ