एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 48: सिस्टम के सीने पर दस्तक

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो भाग 47: रॉनी कॉर्प की प्रतिक्रिया से पढ़कर शुरुआत करें।

भाग 48: सिस्टम के सीने पर दस्तक

सरकारी समझौते का इंकार और जनआंदोलन की चिंगारी

सुबह का समय है पर एकांश टेक्नोलॉजी के ऑफिस में रोज़ वाली हलचल और चाय की महक की जगह एक अजीब-सी ख़ामोशी पसरी हुई है । टेबल पर रखे फाइलों के ढेर के बीच, विक्रम के हाथ में एक सरकारी अफसर की भेजी वज़नी  चिट्ठी है। उसमें स्याही से लिखे शब्द तेज़ चाकू की तरह चुभ रहे हैं। 
विक्रम, चिट्ठी पढ़ते हुए, धीरे से ,
"अगर आप अपनी सीएसआर रिपोर्ट में कुछ संशोधन कर दें, तो टेंडर दोबारा खोलने की संभावना है। अन्यथा… आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है।"
ऑफिस का हर शख़्स चुप है  लेकिन उनकी आंखें सवालों से भरी हैं - “अब क्या होगा?”
टीम के चेहरे पर हैरानी और चिंता छा  जाती है। 
आस्था फुसफुसाती है, "मतलब… ये हमें चुप रहने की कीमत दे रहे हैं?"
ऑफिस में सभी की नजरें विक्रम पर टिकी हैं। 
विक्रम धीरे-धीरे खड़ा हुआ। उसकी आवाज़ शांत है  पर हर शब्द में बिजली की दमक है। 
"मेरी चुप्पी किसी का प्रमोशन तो बन सकती है, लेकिन देश का भविष्य नहीं।"
कमरे में सन्नाटा। कोई कुछ नहीं कहता, लेकिन सबकी आंखों में सहमति चमक रही है।

लाइव कैमरे के सामने एक चिंगारी

उसी शाम, विक्रम ने एक लाइव वीडियो शुरू किया। बैकग्राउंड में पुरानी किताबों की अलमारी थी और उसकी आंखों में एक ऐसी आग थी जो कैमरे के पार भी महसूस हो रही है।
"हमने सिस्टम से समझौता नहीं किया… क्योंकि हम शिक्षा को सौदा नहीं बनने देना चाहते।
ये सिर्फ मेरी लड़ाई नहीं है - ये उन लाखों युवाओं की लड़ाई है, जिनके सपनों को फाइलों में बंद कर दिया गया है।"
कुछ ही मिनटों में हैशटैग #PeopleVsPower सोशल मीडिया पर तूफ़ान बन गया। यह महज़ एक वीडियो नहीं रहा - यह एक चिंगारी थी जिसने आंदोलन की आग को हवा दी।

“People vs Power” का जन्म
अगले दिन, एकांश टेक्नोलॉजी की वेबसाइट पर एक नया सेक्शन लॉन्च होता है -
 People vs Power  (जनता बनाम सत्ता)
आकाश:
"अब हर कोई अपनी कहानी कह सकेगा - टेंडर की राजनीति, भ्रष्टाचार और सिस्टम की बेरुख़ी।"
यह प्लेटफ़ॉर्म हर उस आम नागरिक के लिए है  जो अपनी कहानी बताना चाहता है - भ्रष्टाचार की मार, टेंडर की राजनीति और सिस्टम की बेरुख़ी से कैसे उनका जीवन बदला।
जल्द ही, कहानियों की बाढ़ आ गई। उनमें से एक पोस्ट ने सबसे ज़्यादा दिल छुआ -
"मेरे पापा का स्कूल का सपना, एक टेंडर में बिक गया।"
पोस्ट के साथ लगी तस्वीर - एक 10 साल का बच्चा, जिसकी गोदी में आधी जली हुई किताब थी और आंखों में ऐसे सवाल जिनका जवाब शायद सत्ता के पास भी नहीं था।
प्रिया (धीमे स्वर में):
"ये तस्वीर… किसी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस से ज़्यादा ताक़तवर है।"
यह पोस्ट सबसे ज्यादा वायरल होती है। 
हज़ारों कमेंट्स, लाखों शेयर, और सड़कों से लेकर स्क्रीन तक गूंजता एक ही नारा -
"हम चुप नहीं रहेंगे।"
अब यह विक्रम का आंदोलन नहीं रहा बल्कि यह एक जनचेतना बन चुका है जो सत्ता से सीधे सवाल पूछने लगी है।
विक्रम खिड़की से बाहर देखता है, हल्की मुस्कान… और एक लंबी सांस। यह अब सिर्फ उसकी लड़ाई नहीं है।
बाहर, सड़कों पर पोस्टर, ऑनलाइन नारे, लोगों की भीड़। हर तरफ एक ही आवाज़ गूंजती है -
"हम चुप नहीं रहेंगे!"
दिल्ली के एक बड़े मैदान में विक्रम का लाइव भाषण गूंज रहा है -
“ये सिर्फ मेरा नहीं, हर उस नागरिक का संघर्ष है जिसे आवाज उठाने का हक है!”
लोग ताली और नारों से गूंजा देते हैं।
एक गाँव में, चाय की दुकान पर बुजुर्ग और नौजवान टीवी के पास भीड़ लगाए विक्रम को सुन रहे हैं। 
“अब तो सच सामने आकर रहेगा!” 
बुजुर्ग, नौजवान सभी की आँखों में चमक है।
कॉलेज कैंटीन में छात्र-छात्राएँ मोबाइल स्क्रीन पर लाइव स्ट्रीम देख रहे हैं, सोशल मीडिया पर #PeopleVsPower ट्रेंड कर रहा है।
लाखों पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स इस आंदोलन को आग की तरह फैला रहे हैं।

रॉनी का पलटवार: सिस्टम की साज़िश

इधर रॉनी अपने बहुमंज़िला ऑफिस की खिड़की से बाहर देखता है। नीचे सड़क पर मीडिया वैन की लंबी कतार है, सैटेलाइट डिश ऊपर उठे, कैमरे तैयार, रिपोर्टर मोबाइल पर लगातार अपडेट दे रहे हैं।
रॉनी की आँखों में एक अजीब-सी बेचैनी तैरती है… लेकिन होंठों पर ठंडी, नपी-तुली मुस्कान।
मानो वह इस हलचल को सिर्फ एक खेल की अगली चाल के रूप में देख रहा हो।
पीछे, उसकी कॉन्फ्रेंस टेबल पर नक्शे, चार्ट और कुछ गोपनीय फाइलें फैली हैं। टेबल के किनारे पर एक भारी क्रिस्टल ग्लास - आधी भरी व्हिस्की जिसे वह हल्के से घुमा रहा है।
 रॉनी कॉर्प और उससे जुड़े कुछ बेहद प्रभावशाली लोग अब खुलकर मैदान में उतरते हैं। एक साथ कई कदम उठते हैं। उनके दिमाग में एक ही मकसद है कि विक्रम को सिर्फ हराना नहीं, बल्कि उसकी नींव हिलाकर, उसे सार्वजनिक रूप से गिरा देना।
कुछ ही दिनों में कई मोर्चों पर हमला शुरू हो जाता है -
🔹सीएसआर फंड घोटाले के नाम पर विक्रम की कंपनी पर सरकारी जांच बैठा दी जाती है।
🔹आयकर विभाग से मोटा-सा नोटिस आता है - "पिछले दो साल के सभी वित्तीय दस्तावेज़ तत्काल जमा करें।"
🔹कुछ नौकरशाह, जिनके हित रॉनी से जुड़े हैं, गुप्त बैठकों में तय करते हैं - सोशल मीडिया पर विक्रम के खिलाफ फेक न्यूज और मनगढ़ंत स्कैंडल फैलाए जाएंगे।
शाम होते-होते ट्विटर, फेसबुक और न्यूज़ पोर्टल्स पर हैशटैग ट्रेंड करने लगते हैं -
#EkanshScam #VikramExposed
इधर विक्रम की टीम में तनाव बढ़ता है… लेकिन रॉनी अपने ऑफिस में अब भी उसी मुस्कान के साथ खड़ा है।
उसके लिए यह सिर्फ एक शुरुआत है।

खामोश पहरे, खुली जंग

मुंबई की नमी भरी रात में वान्या मेहरा अपने लैपटॉप पर अगली रिपोर्ट टाइप कर रही है। खिड़की से बाहर झांका तो वही काली एसयूवी (SUV), जैसे पिछले कई हफ्तों से, ठीक उसके अपार्टमेंट के नीचे खड़ी है। इंजन बंद, शीशे गहरे, अंदर कौन है, कोई नहीं जानता। पर वान्या समझ चुकी है  यह सिर्फ़ “निगरानी” नहीं, एक साइलेंट मैसेज है डराने का। उसने गहरी सांस ली, पर्दा खींच दिया और कीबोर्ड पर उंगलियां तेज़ कर दीं, मानो जवाब शब्दों से ही देना हो।
इसी बीच, शहर के दूसरे छोर पर आकाश का फोन वाइब्रेट हुआ। स्क्रीन पर अनजान नंबर। उसने रिसीव किया, तो ठंडी, खुरदरी आवाज़ आई - 
“बहुत सपने देख लिए... अब एकांश की नींव हिला देंगे। छोड़ दो साथ, अभी वक्त है।”
लाइन कट गई, पर शब्द हवा में भारीपन छोड़ गए।
उधर, विक्रम अपने ऑफिस में बैठा है। फोन पर आकाश की आवाज़ सुन चुका है। चेहरा स्थिर लेकिन आंखों में हल्की-सी लपट - अब यह सिर्फ़ सिस्टम के खिलाफ़ जंग नहीं रही, यह उसके दिल के करीब किसी पर वार है। वह खिड़की से बाहर देखता रहा, जैसे खुद से वादा कर रहा हो - अब पीछे हटने का सवाल ही नहीं।
विक्रम शांत रहता है, लेकिन उसकी आंखें बताती हैं - अब ये लड़ाई निजी होती जा रही है।

क्रमशः 

आगे क्या होता है जानने के लिए पढ़िए अगला भाग... भाग 49: सिस्टम का पलटवार
👉 “एक एकड़ से शिखर तक” के सभी भाग यहाँ पढ़ें। 

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट