एक एकड़ से शिखर तक (धारावाहिक उपन्यास) – भाग 21: तकनीकी दुनिया की दहलीज़ पर

अगर आपने पिछला भाग नहीं पढ़ा है तो  भाग 20: पहली उड़ान, पहली पहचान पढ़कर शुरुआत करें।

भाग  21: तकनीकी दुनिया की दहलीज़ पर

दूसरा वर्ष: तीसरा और चौथा सेमेस्टर

तीसरे सेमेस्टर की चुनौती

इंजीनियरिंग का दूसरा साल, विक्रम के लिए अब आत्म-संवाद से आगे जाकर बाह्य दुनिया से संवाद का समय है । जहाँ पहले साल की पढ़ाई ने उसकी आत्मा को मजबूत किया है  वहीं दूसरा साल उसकी सोच और नवाचार को दिशा देने वाला साबित हुआ।

अब पाठ्यक्रम तकनीकी हो चला है: डिजिटल सिग्नल प्रोसेसिंग, माइक्रोकंट्रोलर, डिजाइन थिंकिंग, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, एम्बेडेड सिस्टम और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (Digital Signal Processing, Microcontrollers, Design Thinking, Power Electronics, Embedded Systems और Internet of Things) जैसे जटिल विषयों ने उसकी कल्पना को असल रूप देने का आधार दिया।

विक्रम मात्र  विषयों को टेक्स्ट फॉर्म में ही नहीं पढ़ता है अपितु वह उसके प्रैक्टिकल एप्लीकेशन्स और असली ज़िन्दगी में कैसे उनका समुचित उपयोग कर सकते हैं इस दिशा में सोच को प्रभावी ढंग से करने में निरंतर कार्यरत है। इंजीनियरिंग के जटिल  सिद्धांतों को असली जीवन में कैसे हम व्यवहार में ला सकते हैं इसे समझने में वह लगा हुआ है। तीसरा सेमेस्टर में भी विक्रम ने अपनी ब्रांच में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉप किया।

चौथे सेमेस्टर में उड़ान, स्मार्ट क्लास बॉक्स 

दिनचर्या: अनुशासन की दूसरी परत

अब सुबह 5 बजे उठना उसके लिए आदत बन गई है  जैसे सूरज के साथ उसका संकल्प भी उगता है।
  • 5:30–6:30: मेडिटेशन और टेक जर्नल्स पढ़ना
  • 7:00–8 :00: लैब प्री-वर्क और टेक क्लब की चर्चा
  • 8:00–9:00:ब्रेकफास्ट 
  • 9:00–1:00: क्लासेस
  • 1:00–2:00: लंच व नोट्स रिवीजन
  • 2:00–5:00: लैब और प्रोजेक्ट वर्क
  • 5:30–7:30: डिबेट क्लब / ब्लॉग रीडिंग / पिच प्रैक्टिस
  • 8:00–9:00: डिनर
  • 9:00–12:00: ग्रुप स्टडी,सेल्फ स्टडी, गूगल स्कॉलर व IEEE जर्नल्स के ज़रिए रिसर्च और Smart Box प्रोजेक्ट की प्रोग्रामिंग

विक्रम ने महसूस किया कि आज भी गाँवों में शिक्षा संसाधनों के अभाव में रुकी हुई है। इसी सोच के तहत उसने “Smart Class Box” (स्मार्ट क्लास बॉक्स) प्रोजेक्ट की शुरुआत की: एक लो-कॉस्ट पोर्टेबल किट जो प्रोजेक्टर, मिनी कंप्यूटर (Raspberry Pi रस्पबेरी पाई), ओपन-सोर्स कंटेंट और एक पावर बैंक के सहारे कहीं भी क्लासरूम बना सकती है।

इसकी सबसे खास बात है कनेक्टिविटी के बिना भी काम करने वाला कंटेंट। विक्रम ने इसे नज़दीक  के एक गांव के एक स्कूल में जाकर टेस्ट भी किया और वहां के बच्चों की आँखों में जो चमक थी उसने उसके भीतर एक नई ऊर्जा भर दी।

चौथे सेमेस्टर के अंत में इस प्रोजेक्ट को टेक्निकल क्लब में जब वह प्रस्तुत करता है तो क्लब के सीनियर्स तक हैरान हो जाते हैं। कुछ कहते हैं,
“यार, तू तो असली ज़मीनी  इनोवेटर है।”
“तेरे आइडिया में विज़न है... मिशन है।”

रिजल्ट आया और विक्रम फिर टॉप पर आया। लेकिन अब उसे सिर्फ मार्क्स नहीं, इनोवेशन का मानव-स्पर्श भी मिल गया है।

स्मार्ट क्लास बॉक्स प्रोजेक्ट के इस मॉडल को जब वार्षिक टेक्निकल फेस्टिवल में प्रस्तुत किया गया, तो “Best Innovation Award” (बेस्ट इनोवेशन अवार्ड) मिला।

प्रोफेसर मिश्रा ने कहा:
“विक्रम, ये प्रोजेक्ट केवल तकनीकी नहीं, मानवीय है। तुम्हारा दिमाग़ और दिल दोनों काम कर रहे हैं।”

एक नई पहचान: Innovation Cell & Mentorship (इनोवेशन सेल & मेंटरशिप)

अब विक्रम को कॉलेज के इनोवेशन सेल का वाईस प्रेजिडेंट  बनाया गया। वह अब नए छात्रों को प्रोत्साहित करता, उनके आइडियाज को समझता और उन्हें स्केच से प्रोटोटाइप तक की यात्रा में मदद करता। आकाश, शशांक और विवेक भी इन प्रयासों में उसके साथ हो गए। 

धीरे-धीरे विक्रम के बैच के काफी सारे छात्र और छात्राएं इनोवेशन सेल के सदस्य बन गए।  विक्रम की दो सहपाठी प्रिया और रागिनी ने भी पूरी लगन से इनोवेशन सेल में काम करना शुरू किया। अब  ग्रुप में दो और नए सदस्य जुड़ चुके हैं इनके साथ ही राशि और हर्षिता, जो रागिनी और प्रिया की दोस्त हैं और ECE (ईसीई ) से ही  इंजीनियरिंग कर रही हैं, भी  इनके कोर ग्रुप में जुड़ गए हैं।  अब इनका ग्रुप सुपर 8 के नाम से जाना जाता है। 

सुपर 8 - विक्रम,आकाश, शशांक, विवेक,  प्रिया, रागिनी, राशि और हर्षिता 

सुपर 8 ने मिलकर कई छोटे-छोटे सोल्यूशंस तैयार किए जैसे सौर लाइट, क्यूआर के माध्यम से गांव में उपस्थिति लेना (Low-Energy Solar Light, Rural Attendance via QR)

इस वर्ष के अंत में विक्रम ने अपने  शोध पत्र पर काम करना प्रारम्भ कर  किया: “स्मार्ट क्लासरूम” पर । गूगल स्कॉलर और IEEE (आईईईई) एक्सेस की मदद से वह अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्रों को समझता, डेटा एनालिसिस करता और नई थीसिस तैयार करता।

चौथे सेमेस्टर के रिज़ल्ट में वह न सिर्फ टॉपर बना, बल्कि उसकी “स्मार्ट क्लासरूम प्रोजेक्ट ” रिपोर्ट को National Journal of Rural Technology (राष्ट्रीय ग्रामीण प्रौद्योगिकी जर्नल) में प्रकाशित होने की सिफारिश मिली।

कॉलेज डायरेक्टर ने उसे बुलाकर कहा,
“विक्रम, अब तुम्हें सिर्फ प्रोजेक्ट नहीं, समाज की समस्याओं को हल करने का मॉडल बनाना है।”

रात की वह डायरी

उस रात विक्रम हॉस्टल की छत पर बैठा था। आसमान में सितारे थे, और नीचे हाथ में वही डायरी, मौली के कार्ड के बगल में। उसने लिखा,
“हर सेंसर, हर लाइन कोड की नहीं है… कुछ लाइनें मौली की आंखों से जुड़ी हैं। स्मार्ट क्लासरूम बॉक्स  की हरेक कोडिंग स्ट्रक्चर  तक, मैं गाँव की गलियों में लौट रहा हूँ… तकनीक के सहारे।”
उसने कार्ड को देखा और कहा,
“अब तुम्हें सिर्फ पढ़ाऊँगा नहीं, तुम्हारा सपना जी कर भी दिखाऊँगा।”

इंजीनियरिंग का दूसरा वर्ष समाप्त हो चुका है। कॉलेज में दूसरा साल बखूबी बीता। पढ़ाई, दोस्ती, आत्मविश्वास और एक मुकाम। कॉलेज में छुट्टियाँ भी हो चुकी हैं।  अधिकांश छात्र अपने-अपने घर जा चुके है। 

हॉस्टल में कुछेक छात्र रुके हैं विक्रम भी उनमे से एक है। वह स्मार्ट क्लासरूम प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है साथ ही साथ उसने एक लाइब्रेरी में अंशकालीन नौकरी भी कर ली है जो पूरे  दो माह की है यानि जब तक विक्रम की छुट्टियां हैं इसी वजह से वह रुका है। कॉलेज डायरेक्टर सर से उसने निवेदन किया है तब उन्होंने अपने कॉलेज के मेधावी छात्र को स्पेशल अनुमति दे दी। हालाँकि छुट्टियों में गांव नहीं जा पाने की टीस अब और भारी लग रही है। 

हॉस्टल के कमरे की खिड़की से जब वो बाहर देखता है, तो उसके भीतर कुछ बर्फ-सा जम जाता है। मौली की चिट्ठियाँ, स्कूल की रिपोर्ट कार्ड की कॉपी और वो कार्ड जिसमें लिखा था:
“जैसे आप पढ़ते हो, वैसे ही मुझे भी पढ़ाना।”

देखते ही देखते दुसरे साल  छुट्टियां समाप्त हो गई।  कॉलेज में रौनक फिर लौट आई , हॉस्टल में छात्र वापिस आ चुके हैं।  तीसरा साल शुरु हो चुका  है,  पांचवा सेमेस्टर की क्लासेस लगनी शुरु हो चुकी हैं। 

अगस्त के महीने में, विक्रम एक प्यारे पर्व के इंतज़ार में है, रक्षाबंधन। वह अंदर से बहुत उत्साहित है लेकिन सामने से शांत  नज़र आता है।  भीतर कहीं गहराई में मौली की वो मुस्कराहट गूंज रही है,
“भैया, इस बार आप छुट्टियों में नहीं आए परन्तु राखी पर जल्दी आना। मैं इंतज़ार कर  रही हूँ रक्षाबंधन का जब आप आओगे और मैं आपके  राखी बांधूंगी।”

क्रमशः 

आगे क्या होता है?
 जानने के लिए पढ़िए अगला भाग... भाग 22: रक्षाबंधन की राह
👉 पूरी कहानी एक साथ पढ़ने के लिए यहाँ जाएँ - एक एकड़ से शिखर तक

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी साहित्य का महत्व: इतिहास, काल विभाजन और आधुनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता